रांची में त्योहारों को लेकर हाई अलर्ट, सुरक्षा और व्यवस्था पर खास जोर

रांची: रांची में आने वाले बड़े त्योहार ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. मुख्यमंत्री...

Ranchi DC Office
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी के साथ बैठक करते उपायुक्त

रांची: रांची में आने वाले बड़े त्योहार ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में अहम बैठक हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना था.

भीड़भाड़ इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए 

बैठक में जिले के सभी बड़े प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. उपायुक्त ने साफ कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों का पूरी सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखी जाए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए जाएं.

ईद को लेकर खास तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं. सभी ईदगाहों और नमाज स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे. साथ ही नगर निगम को साफ-सफाई और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.

ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश

वहीं, सरहुल और रामनवमी के दौरान निकलने वाली शोभायात्राओं को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सभी जुलूस मार्गों का पहले से भौतिक सत्यापन किया जाएगा और रास्ते में आने वाली किसी भी बाधा को हटाया जाएगा. यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है.

प्रशासन ने सरना समिति और रामनवमी पूजा समितियों से अपील की है कि वे हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करें. झंडों और झांकियों की ऊंचाई तय मानकों के अनुसार रखें और कानून-व्यवस्था को देखते हुए मोटरसाइकिल रैली न निकालें.

भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई

सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी. इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी. किसी भी भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए साइबर टीम को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं.

बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने खास अपील की है.  अभिभावकों से कहा गया है कि त्योहारों के दौरान अपने बच्चों के जेब में मोबाइल नंबर लिखकर रखें, ताकि भीड़ में बिछड़ने पर उन्हें तुरंत मिलाया जा सके.

यह भी पढ़ें: पहली पोस्टिंग में ही रिश्वत लेने की शुरूआत, JSSC-CGL से चयनित MO नंदन कुमार रंगेहाथ गिरफ्तार

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *