झारखंड में मानसून का हाई-अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में बना वेल-मार्क्ड लो-प्रेशर, राज्य भर में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

Ranchi: राज्य में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी...

Ranchi
AI GENTRATE IMAGE

Ranchi: राज्य में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग  के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र अब एक वेल-मार्क्ड लो-प्रेशर एरिया में तब्दील हो गया है. इस मौसमी बदलाव के कारण अगले कुछ दिनों तक झारखंड के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश होने की प्रबल संभावना है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है.

मानसून की सक्रियता और मौसमी स्थिति

वर्तमान में मानसून की ट्रफ लाइन जम्मू से शुरू होकर उत्तर प्रदेश के रास्ते होते हुए सीधे बंगाल की खाड़ी में बने इस वेल-मार्क्ड लो-प्रेशर सेंटर से गुजर रही है. इसके प्रभाव से राज्य में बादलों का आना-जाना बना हुआ है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कई स्थानों पर गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. हजारीबाग जिले के कोनार में सर्वाधिक 62.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.

अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला

मौसम विभाग का अनुमान है कि 16 जुलाई से लेकर 21 जुलाई तक राज्य के अनेक स्थानों पर आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. अगले 48 घंटों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद यानी 18 जुलाई से राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

रांची और आसपास का मौसम

राजधानी रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान है. रांची में आसमान मुख्य रूप से बादलों से ढका रहेगा. 16 से 18 जुलाई के बीच रांची में दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है, जिसका तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, 19 जुलाई से 22 जुलाई तक एक से दो बार बारिश की संभावना जताई गई है.

ALSO READ: घनी आबादी वाले थाना क्षेत्र में OP और TOP खोलने का प्रस्ताव, प्रबुद्ध नागरिकों से भी लिया जायेगा सुझाव

जिलों के लिए विशेष चेतावनी

  • 16 जुलाई: दक्षिणी और मध्य झारखंड के रामगढ़, बोकारो और धनबाद जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.
  • 17 जुलाई: खूंटी और गुमला जिले के आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
  • 18 जुलाई: मध्य और निकटवर्ती उत्तर-पश्चिमी हिस्से, विशेषकर लातेहार और चतरा में भारी बारिश के आसार हैं.
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *