पलामू: पलामू की ऐतिहासिक धरती पर अखिल भारतीय दांगी संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय महासम्मेलन का भव्य और गौरवशाली समापन हुआ, जिसमें समाज की एकता और प्रगति का नया संकल्प देखने को मिला. कार्यक्रम के दूसरे और अंतिम दिन की शुरुआत गरिमामय झंडोतोलन और ‘दांगी झंडा गीत’ के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण सामाजिक उत्साह और गौरव से भर गया.
वरिष्ठ मार्गदर्शकों को किया गया सम्मानित
पलामू जिला अध्यक्ष दयानन्द सिंह दांगी की अध्यक्षता और हरिश दांगी के ऊर्जावान मंच संचालन में आयोजित इस समागम में देश भर से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. खुले अधिवेशन के दौरान समाज की कुरीतियों को त्यागने, उच्च शिक्षा को प्राथमिकता देने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर गहन मंथन कर उन्हें पारित किया गया.
इस अवसर पर समाज के होनहार युवाओं और वरिष्ठ मार्गदर्शकों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित भी किया गया. महासम्मेलन की सफलता में जिले के अनेक पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे यह आयोजन दांगी समाज के भविष्य के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ.
यह भी पढ़ें: रांची के बुधिया बगान के पास रेल लाइन में कटकर युवक की मौत
