सरायकेला: सरायकेला–खरसावां जिला अंतर्गत गृह रक्षक नव नामांकन हेतु आयोजित शारीरिक दक्षता-सह-लिखित परीक्षा कार्यक्रम के तहत दिनांक 01 अप्रैल 2026 को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में राजनगर प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों तथा दिनांक 02 अप्रैल 2026 को पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच एवं हिन्दी लेखन क्षमता परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई.
राजनगर प्रखंड के लिए कुल 1778 अभ्यर्थियों (652 महिला एवं 1126 पुरुष) में से दिनांक 01 अप्रैल 2026 को आयोजित परीक्षा में 652 महिला अभ्यर्थियों में से 420 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि दिनांक 02 अप्रैल 2026 को आयोजित परीक्षा में 1126 पुरुष अभ्यर्थियों में से 740 अभ्यर्थी उपस्थित रहे. शारीरिक दक्षता परीक्षा अंतर्गत आयोजित दौड़ में कुल 320 महिला एवं 185 पुरुष अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए.
औपबंधिक अंक पत्र आधिकारिक वेबसाइट पर किया जा रहा अपलोड
उक्त परीक्षा के क्रम में दौड़ में सफल अभ्यर्थियों द्वारा अगले चरण (ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉट पुट एवं हिन्दी लेखन परीक्षा) में भाग लिया गया. सभी चरणों में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के आधार पर उत्तीर्ण/अनुत्तीर्ण अभ्यर्थियों के अर्जित अंकों के अनुसार औपबंधिक अंक पत्र तैयार किया गया है. यह औपबंधिक अंक पत्र अभ्यर्थियों की जानकारी हेतु जिला की आधिकारिक वेबसाइट seraikela.nic.in पर अपलोड किया जा रहा है. यह अंक पत्र केवल सूचना के उद्देश्य से सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध कराया जा रहा है. इसे किसी भी रूप में अंतिम मेधा सूची नहीं माना जाएगा.
गृह रक्षक नव नामांकन हेतु अंतिम मेधा सूची परीक्षा प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सभी प्रखंडों एवं श्रेणियों के लिए एक साथ पृथक से प्रकाशित की जाएगी.
