रामगढ़: बोकारो जोनल IG सुनील भास्कर मंगलवार को रामगढ़ पहुंचे. इस दौरान उन्होंने SP ऑफिस में संगठित अपराध समेत अन्य मुद्दे को लेकर समीक्षा बैठक की. इस बैठक में रामगढ़ जिला के एसपी, डीएसपी और थाना शामिल हुए. इस दौरान हाल के दिनों में हुई फायरिंग, आगजनी, संगठित अपराध और संपत्ति मूलक कांडों की समीक्षा की गयी.

IG ने दिए आदेश
आईजी ने जेल से बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर चिंता जताते हुए पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने का निर्देश दिया. जो संगठित गिरोह के सरगना विदेशों में बैठकर झारखंड में अपराध संचालित कर रहे हैं, उनके विरुद्ध रेड कॉर्नर नोटिस और लुक आउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आदेश दिया गया है.
इसके आगे आईजी ने कहा कि जमानत पर जेल से बाहर आने वाले हर अपराधी का ई-प्रिजन पोर्टल के माध्यम से दैनिक सत्यापन किया जाएगा. पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वे इन अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखें.

