पलामू: आज विधानसभा सत्र के दौरान डालटनगंज-भंडारिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक चौरसिया ने पलामू प्रमंडल के केंद्र मेदिनीनगर की एक प्रमुख समस्या को सदन के पटल पर रखा. उन्होंने कोयल नदी पर बीयर बराज निर्माण के मुद्दे को उठाते हुए सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया कि यह परियोजना पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने की क्षमता रखती है. विधायक ने स्पष्ट रूप से कहा कि कोयल नदी पर बराज का निर्माण केवल एक ढांचागत परियोजना नहीं, बल्कि मेदिनीनगर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए जीवनरेखा साबित होगा.

इस बराज के निर्माण से कोयल नदी में जल का ठहराव सुनिश्चित होगा, जिससे भू-गर्भ जलस्तर में सुधार होगा. वर्तमान में जलस्तर गिरने के कारण शहर को जिस पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है, उसका स्थायी समाधान इस परियोजना के माध्यम से संभव है. इसके साथ ही संचित जल का सीधा लाभ किसानों को मिलेगा, क्योंकि आसपास के कई गांवों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी.
विधायक आलोक चौरसिया ने सदन को अवगत कराया कि वे लगातार पलामू की जन समस्याओं को लेकर मुखर रहे हैं और बीयर बराज का निर्माण उनकी प्राथमिकता सूची में शामिल है. उन्होंने सरकार से मांग की कि जनता की भावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए इस प्रस्ताव पर अविलंब तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि भविष्य में मेदिनीनगर को जल संकट से पूरी तरह मुक्त किया जा सके.

