Iran-Israel War: ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है. अमेरिका और इजरायल के भीषण हमलों से दहक रहा ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है. मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब ग्यारहवें दिन में प्रवेश कर चुका है. पूरा क्षेत्र तनाव की चपेट में है. ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का युद्ध को लेकर सख्त रवैया और खाड़ी देशों में बढ़ता संघर्ष, वैश्विक राजनीति के लिया बड़ा संकट साबित होता दिख रहा है. भारत ने कहा है कि तेजी से बदलती परिस्थितियों पर सरकार की पैनी नजर है.

हम सीजफायर के तलाश में नहीं : ईरानी स्पीकर
ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बाघेर घालिबाफ ने कहा है कि ईरान अमेरिकी और इस्राइली बातचीत के जरिए युद्ध समाप्ति नहीं चाहता. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि हम निश्चित रूप से सीजफायर की तलाश में नहीं हैं. हमारा मानना है कि आक्रामक को मुंह पर मुक्का मारकर सबक सिखाना चाहिए, ताकि वह हमारे प्यारे ईरान पर फिर कभी हमला करने की सोच भी न पाए. घालिबाफ ने यह भी कहा कि ईरान युद्ध-बातचीत-सेजफायर और फिर युद्ध के चक्र को तोड़ना चाहता है, जो रणनीति इजराइल अपने प्रभुत्व को दिखाने के लिए अपनाता है.
ईरान ने इजराइल के तेल-गैस रिफाइनरी को बनाया निशाना
ईरान की सेना ने बयान जारी कर कहा है कि उन्होंने इजराइल के हाइफा शहर में तेल और गैस रिफाइनरी तथा ईंधन टैंकों के खिलाफ ड्रोन/मिसाइल हमला किया. बताया गया कि यह इस्राइल द्वारा उनके ऊर्जा इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमले के जवाब में किया गया प्रतिकार है. ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, इस हमले को बाजान ग्रुप की रिफाइनरी पर निशाना बनाकर किया गया, जो इजराइल का एक बड़ा तेल प्रसंस्करण केंद्र है. हालांकि इजराइल की तरफ से स्पष्ट जानकारी नहीं आई है कि हमला सफल रहा या कोई बड़ा नुकसान हुआ.

पिछले 24 घंटे में 191 इजरायली अस्पताल में भर्ती
इजराइल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि ईरान के साथ युद्ध के चलते पिछले 24 घंटों में 191 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. टाइम्स ऑफ इस्राइल के अनुसार अस्पताल में भर्ती होने वालों में सैनिक और आम नागरिक दोनों शामिल हैं, जिनमें से कम से कम एक की हालत गंभीर और तीन अन्य की स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
अमेरिका-इजराइली हमले में 5 की मौत
पश्चिमी ईरान के अराक शहर में अमेरिका और इस्राइल के हवाई हमले में पांच लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं. ईरानी समाचार एजेंसी इसना ने बताया है कि यह हमला शहर की एक आवासीय इमारत पर किया गया.

