Ranchi: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बीच डुमरी विधायक जयराम महतो ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से मुलाकात कर प्रदर्शनकारियों की स्थिति का मुद्दा उठाया. उन्होंने मंत्री से अभ्यर्थियों से सीधे बातचीत करने और उनकी सेहत की जानकारी लेने का आग्रह किया. जयराम महतो ने कहा कि इरफान अंसारी स्वास्थ्य मंत्री होने के साथ डॉक्टर भी हैं. ऐसे में उन्हें प्रदर्शन स्थल पर जाकर अभ्यर्थियों से मिलना चाहिए. उन्होंने मंत्री से अपने साथ मेडिकल टीम ले जाने की भी अपील की, ताकि लंबे समय से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की स्वास्थ्य जांच हो सके.

मंत्री खुद जाएं, बच्चों से करें बातचीत
जयराम महतो ने कहा कि JPSC-JSSC अभ्यर्थी लगातार अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में सरकार की ओर से उनसे सीधे संवाद किया जाना जरूरी है. उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से जल्द प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनने की अपील की.

नहीं गए मंत्री तो खुद ले जाएंगे प्रदर्शन स्थल
जयराम महतो ने यह भी कहा कि अगर स्वास्थ्य मंत्री खुद अभ्यर्थियों से मिलने नहीं जाते हैं, तो वह उन्हें खुद प्रदर्शन स्थल पर लेकर जाएंगे. उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे युवाओं की स्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और सरकार को उनसे बातचीत कर समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए.


