जमशेदपुर: जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं. मंगलवार को बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के साकरा पंचायत स्थित केनरा बैंक में पांच से छह हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. अपराधी बैंक से लगभग 15 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और जेवरात लूटकर फरार हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक प्रबंधक के अनुसार, यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे की है. उस वक्त बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था और कुछ ग्राहक भी मौजूद थे. तभी अचानक पांच से छह नकाबपोश अपराधी बैंक परिसर में दाखिल हुए.

हथियारों का भय दिखाकर बनाया बंधक
बैंक प्रबंधक नानाजी राव ने बताया कि तीन से चार अपराधी सीधे बैंक के अंदर घुस आए. उनके हाथों में देशी कट्टा और कटारी (धारदार हथियार) थे. अपराधियों ने आते ही हथियार लहराते हुए सभी कर्मचारियों और ग्राहकों को जान से मारने की धमकी दी और उन्हें एक कोने में बंधक बना लिया.
लॉकर न खुलने पर कर्मियों के जेवरात लूटे
अपराधियों का मुख्य निशाना बैंक का मुख्य लॉकर था. उन्होंने प्रबंधक पर लॉकर खोलने का दबाव बनाया, लेकिन तकनीकी कारणों या प्रतिरोध की वजह से जब वे सोना लूटने में नाकाम रहे, तो उन्होंने कर्मियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया. सहायक प्रबंधक सौरभ वर्मा के गले से सोने की चेन और अंगूठी छीन ली गई. वहां मौजूद अन्य ग्राहकों से भी सोने के आभूषणों की लूट की गई. किसी भी तरह के संचार को रोकने के लिए अपराधियों ने सभी के मोबाइल फोन भी लूट लिए.
बाहर से ताला लगाकर हुए फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने शातिराना अंदाज अपनाया. उन्होंने सभी बैंक कर्मियों और ग्राहकों को बैंक के अंदर ही रहने का आदेश दिया और मुख्य द्वार पर बाहर से ताला लटका दिया, ताकि वे आसानी से भाग सकें और कोई उनका पीछा न कर पाए. जब काफी देर तक बैंक का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से शोर सुनाई दिया, तब स्थानीय लोगों को अनहोनी का आभास हुआ. सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने सबसे पहले बैंक के दरवाजे का ताला काटकर अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.
यह भी पढ़ें: झारखंड: एक दिन में दो सिविल कोर्ट और एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

