Jamtara: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश पर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में बुधवार को सावित्री देवी डीएवी विद्यालय, जामताड़ा में 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विजय कुमार ने की.
दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का किया गया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव पवन कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विजय कुमार और लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता उत्तम कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया.
शिक्षा का अधिकार और साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय
सचिव पवन कुमार ने अपने संबोधन में शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, नशामुक्ति अभियान, मोटर दुर्घटना से जुड़े कानूनी प्रावधानों और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे कानून की जानकारी को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें.
छात्रों ने नाटक और नृत्य के जरिए दिया सामाजिक संदेश
शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं ने डायन प्रथा पर आधारित प्रभावशाली नाटक और सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया. प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित
चित्रकला प्रतियोगिता में आहेली माझी (कक्षा 10-ए) ने प्रथम, श्रेया भारती (9-सी) ने द्वितीय, पोलामी माझी (9-बी) ने तृतीय और महम हसन खान (8-सी) ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया. सभी विजेताओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव पवन कुमार ने मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
शिक्षक और पीएलवी रहे मौजूद
कार्यक्रम में शिक्षक संहे प्रसाद दुबे सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और पीएलवी अमित कुमार मिश्रा, मेघा गुप्ता, आनंद महतो, राजेश दत्त, विश्वजीत पाल, प्रकाश हेंब्रम, शिवनाथ मंडल और सुमन टुडू मौजूद रहे. सांस्कृतिक कार्यक्रम में अंजना माझी, पुष्पम झा, डिंपल कुमारी, श्रुति प्रिया, अंकुश भंडारी और रितेश समेत कई विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया.
ALSO READ: Iran-US War: ईरानी मिसाइल हमले में भारतीय मरीन इंजीनियर की मौत, परिवार ने सरकार से लगाई गुहार
