झारखंड में मौसम का डबल अटैक: कहीं ओलावृष्टि तो कहीं बढ़ेगी झुलसाने वाली गर्मी

रांची में जमकर बरसे ओले, अब अगले 5 दिनों में 5 डिग्री तक चढ़ेगा पारा Ranchi: झारखंड का मौसम इन दिनों पूरी...

  • रांची में जमकर बरसे ओले, अब अगले 5 दिनों में 5 डिग्री तक चढ़ेगा पारा

Ranchi: झारखंड का मौसम इन दिनों पूरी तरह करवट बदल रहा है. एक तरफ राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, तो दूसरी तरफ मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी. आने वाले पांच दिनों में राज्य का तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे उमस और गर्मी फिर लोगों की परेशानी बढ़ाएगी.

रांची में बारिश के साथ गिरे ओले, मौसम हुआ सुहाना

बीते 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई. राजधानी रांची में मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई. बारिश के बाद शहर का तापमान गिरा और लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार, सबसे अधिक 46.2 मिलीमीटर बारिश रांची मौसम केंद्र में दर्ज की गई. वहीं डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दूसरी ओर कांके में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

यह भी पढ़ें: रांची: 727 दिनों के बाद जेल से बाहर आएंगे पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, मंगलवार को हो सकती है रिहाई

अगले कुछ दिनों तक बदलता रहेगा मौसम

मौसम केंद्र रांची के अनुसार राज्य के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिसके कारण मौसम लगातार बदलता रहेगा. 11 से 14 मई तक पलामू और गढ़वा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर झारखंड के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहने, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं 15 मई के बाद पूरे राज्य में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. हालांकि राहत के साथ चिंता की बात यह है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ेगा. मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में पारा 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर जा सकता है.

मौसम विभाग का ‘येलो अलर्ट’ जारी

मौसम विभाग ने 17 मई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है क्योंकि इस दौरान वज्रपात और तेज आंधी का खतरा बना रहेगा. 12 और 13 मई को रांची, बोकारो, हजारीबाग समेत मध्य और पूर्वी झारखंड के जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बाकी दिनों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है.

यह भी पढ़ें: पलामू हिरासत में मौत मामला: HC ने फैसला रखा सुरक्षित, रजिस्टर में हेरफेर का खुलासा

रांची में फिर लौटेगी उमस भरी गर्मी

राजधानी रांची में अगले पांच दिनों तक मौसम बदला-बदला रहेगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश या गरज-चमक देखने को मिल सकती है, लेकिन इसके बावजूद तापमान लगातार बढ़ेगा. 11 मई को जहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, वहीं 15 मई तक यह बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. ऐसे में लोगों को एक बार फिर उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *