खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड का जलवा, एथलेटिक्स में ओवरऑल चैंपियन; कुल 31 पदक पर कब्जा

रांची: खेल एवं युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक...

 रांची: खेल एवं युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया. एथलेटिक्स में झारखंड की महिला टीम 6 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बनी, जबकि पुरुष टीम 3 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य के साथ उपविजेता रही.

प्रतियोगिता के अंतिम दिन भी झारखंड के एथलीटों का दबदबा कायम रहा. खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया. पुरुष 200 मीटर दौड़ में शिव कुमार सोरेन (21.51 सेकेंड), महिला लंबी कूद में प्रीति लकड़ा (5.54 मीटर), महिला 4×400 मीटर रिले टीम (आशा किरण बारला, शिवानी कुमारी, चिंतामणि टूटी, तनीषा कुमारी) और पुरुष 1500 मीटर में राहुल उरांव (4:01.18 सेकेंड) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वहीं महिला 200 मीटर में अनामिका उरांव ने रजत और पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम ने कांस्य पदक जीता.

एथलेटिक्स में झारखंड ने कुल 9 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य सहित 17 पदक जीतकर देश में शीर्ष स्थान हासिल किया. तीरंदाजी में भी राज्य का प्रदर्शन सराहनीय रहा, जहां 1 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक मिले. रिकर्व मिक्स टीम के कोमालिका बारी और कृष्णा पिगुआ ने स्वर्ण, जबकि कंपाउंड व्यक्तिगत में मेघा बेसरा ने रजत पदक जीता.

अन्य खेलों में भी झारखंड का प्रदर्शन दमदार रहा. महिला फुटबॉल टीम फाइनल में मेजबान छत्तीसगढ़ से 1-0 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा. वहीं पुरुष हॉकी टीम को फाइनल में ओडिशा से हारकर रजत पदक मिला। कबड्डी प्रदर्शनी मैच में महिला टीम ने रजत और पुरुष टीम ने कांस्य पदक जीता.

इसके अलावा सरगुजा (अंबिकापुर) के गांधी मैदान में आयोजित मल्लखंब प्रदर्शनी में झारखंड पुरुष टीम ने ओवरऑल तीसरा स्थान प्राप्त किया.

कुल मिलाकर झारखंड ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में 14 स्वर्ण, 6 रजत और 11 कांस्य सहित कुल 31 पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू सहित खेल विभाग के अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने बधाई दी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *