Ranchi: झारखंड के सरकारी स्कूलों को विशेष सहायक शिक्षक मिलने की घड़ी करीब आ गई है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने 3,451 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली विशेष सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा की तिथि निर्धारित कर दी है. यह परीक्षा आगामी 5 से 7 मई के बीच राजधानी रांची के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी तरह से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट(सीबीटी) मोड में ली जाएगी. अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा तिथि और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल पर भेजी जा रही हैं.
यह भी पढ़ें : JPSC परीक्षा के मद्देनजर ऑटो हड़ताल टली, छात्रों को मिलेगी राहत
एडमिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज: इन बातों का रखें ध्यान
• डाउनलोड: अभ्यर्थी परीक्षा से ठीक 2 दिन पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे.
• लॉगिन विवरण: एडमिट कार्ड के लिए आवेदन संख्या और जन्मतिथि की आवश्यकता होगी.
• अनिवार्य सामग्री: परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड की 2 अतिरिक्त फोटोकॉपी और 2 पासपोर्ट साइज फोटो ले जाना अनिवार्य है. इसके बिना प्रवेश वर्जित हो सकता है.
लागू होगा सख्त कानून
परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आयोग इस बार बेहद सख्त रुख अपना रहा है. आयोग ने चेतावनी दी है कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम-2023 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : महिला आरक्षण बिल पर सियासत तेज, कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया धोखे का आरोप
अभ्यर्थियों के लिए सलाह
आयोग ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम से बचने और नवीनतम अपडेट प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से जेएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें.
