रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने राज्य के किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने और यहां के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा. उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की है कि झारखंड में फल, सब्जी और वन उत्पादों के लिए एक ग्लोबल मार्केट विकसित किया जाए.

एयरपोर्ट पर टेस्टिंग लैब और प्रयोगशाला की जरूरत:
कल्पना सोरेन ने जोर देते हुए कहा कि झारखंड के पास प्रचुर मात्रा में जैविक और ताजे उत्पाद मौजूद हैं, लेकिन मानकों की कमी के कारण वे वैश्विक बाजार तक नहीं पहुंच पाते. उन्होंने मांग की कि राज्य के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर अत्याधुनिक टेस्टिंग लैब और प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएं.इन लैब के जरिए उत्पादों की गुणवत्ता की जांच और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सर्टिफिकेट दिए जा सकें. विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि राज्य के कृषि और वन उत्पादों के निर्यात के लिए एक ठोस नीति बनाई जाए और केंद्र सरकार को आवश्यक प्रस्ताव भेजे जाएं.

