रांची: बिहार में बदलते राजनीतिक समीकरण को लेकर झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है. पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीतिक हत्या कर दी है और बिहार के जनादेश का अपमान किया है.

महासचिव विनोद पांडेय ने बयान जारी करते हुए कहा कि भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर देश की जनता के सामने आ गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिस चेहरे पर बिहार की जनता ने भरोसा जताते हुए जनादेश दिया था, उसी चेहरे को राजनीति की मुख्यधारा से दूर कर दिया गया.
झामुमो नेता ने यह भी दावा किया कि बिहार में भाजपा की यह साजिश काफी पहले से चल रही थी और उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि आने वाले समय में जनता दल (यूनाइटेड) का विलय भाजपा में हो सकता है.
महासचिव पांडेय ने कहा कि झारखंड में ऐसी किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के खिलाफ उनकी पार्टी की लड़ाई पहले भी थी और आगे भी जारी रहेगी.
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा सतर्क रही है और राज्य में भाजपा की किसी भी राजनीतिक चाल को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा.

