रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की कार्यप्रणाली और परीक्षा कैलेंडर एक बार फिर सवालों के घेरे में है. आयोग ने इस वर्ष विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए जो संभावित तिथियां घोषित की थीं, वे धरातल पर उतरती नहीं दिख रही हैं.ताजा मामला आयुष चिकित्सकों की नियुक्ति का है, जिससे अभ्यर्थियों में भारी निराशा है.

निर्धारित तिथि पर नहीं हुई परीक्षा:
आयोग द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार, होम्योपैथी, आयुर्वेद और यूनानी चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति के लिए लिखित परीक्षा 5 से 7 मार्च के बीच आयोजित होनी थी, हालांकि, यह समय बीत जाने के बाद भी परीक्षा आयोजित नहीं की जा सकी. यह पहली बार नहीं है जब जेपीएससी का कैलेंडर फेल हुआ है.
4 साल से लंबित है नियुक्ति प्रक्रिया:
आयुष चिकित्सकों की बहाली का इंतजार काफी लंबा हो चुका है. गौरतलब है कि जनवरी 2022 में ही इसके लिए आवेदन मांगे गए थे. विज्ञापन निकले 4 साल से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन प्रक्रिया अभी भी अधूरी है. कुल 422 पदों पर बहाली होनी है, जिनमें आयुर्वेद चिकित्सा पदाधिकारी के 207 पद, होम्योपैथी चिकित्सा पदाधिकारी के 137 पद, यूनानी चिकित्सा पदाधिकारी के 78 पद शामिल है.

