Ranchi: जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े अभ्यर्थियों का विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को छठे दिन भी जारी रहा. आंदोलन अब मोरहाबादी के बापू वाटिका से आगे बढ़कर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंच चुका है, जहां बड़ी संख्या में छात्र टेंट लगाकर लगातार धरने पर डटे हुए हैं.
मांगें पूरी होने तक आंदोलन नहीं होगा खत्म
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार स्पष्ट और ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा. छात्रों ने साफ किया कि यह आंदोलन पूरी तरह युवाओं और अभ्यर्थियों के अधिकारों की लड़ाई है तथा इसका संचालन केवल छात्र ही करेंगे.
राजनीतिक दलों को मंच से रखा दूर
छात्र नेताओं ने कहा कि आंदोलन का मंच किसी भी राजनीतिक दल के लिए नहीं है. हालांकि, जो राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन या जनप्रतिनिधि छात्रों की मांगों का नैतिक समर्थन करना चाहते हैं, उनका स्वागत किया जाएगा. लेकिन मंच साझा करने या आंदोलन का नेतृत्व करने की अनुमति किसी राजनीतिक दल को नहीं दी जाएगी.
Read Also: चलती बाइक पर रील का जुनून बना जानलेवा: मशरूम बेचकर लौट रहे दो युवकों की कार से भीषण भिड़ंत, दोनों गंभीर

14वीं JPSC परीक्षा की निष्पक्ष जांच की मांग
धरने में शामिल अभ्यर्थियों ने 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई. उनका कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि युवाओं का भरोसा बहाल हो सके.
आंदोलन को मिलने लगा राजनीतिक समर्थन
वहीं, आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है. आजसू पार्टी ने छात्रों की मांगों के समर्थन में राजभवन मार्च और घेराव का ऐलान किया है. पार्टी नेताओं ने कहा कि वे शुरू से छात्रों के साथ हैं और जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका समर्थन और आंदोलन जारी रहेगा.
