Giridih: समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मानजनक जीवन और समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की पहल के तहत गुरुवार को गिरिडीह नगर भवन में दिव्यांगजनों के लिए बैटरी चालित ट्राई साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 35 दिव्यांग लाभुकों के बीच बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण किया गया.
आत्मनिर्भरता और बेहतर आवाजाही के उद्देश्य से पहल
योजना विभाग के अनटाइड फंड से उपलब्ध कराई गई इन ट्राई साइकिलों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी स्वतंत्र आवाजाही को आसान बनाना और उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त करना है. ट्राई साइकिल मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया. लाभार्थियों और उनके परिजनों ने इस पहल के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताया.
मंत्री सुदीव्य कुमार ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदीव्य कुमार और उपायुक्त रामनिवास यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद दोनों अतिथियों ने लाभुकों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल प्रदान की.

मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता: मंत्री
मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि बैटरी चालित ट्राई साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मनिर्भरता और नए अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र दिव्यांगजनों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए.
दिव्यांगजनों के लिए प्रशासन लगातार कर रहा कार्य:DC
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में स्वतंत्रता देने के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सहभागिता के अवसर भी उपलब्ध कराती हैं. उन्होंने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिया कि जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति योजना से वंचित न रहे.

कार्यक्रम में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने दिव्यांगजनों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा उन्हें योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सांसद प्रतिनिधि, उप महापौर, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता-सह-आईएएस प्रशिक्षु, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे.
ALSO READ: दुमका : सीता सोरेन का सरकार पर हमला, कहा – राज्य में रोजगार नहीं, इसलिए हो रहा पलायन

