JPSC-JSSC आंदोलन: Code of Conduct बनाकर छात्रों ने राजनीतिक दखल पर लगाई रोक

Ranchi: राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. कई दिनों से...

JPSC-JSSC Protest
प्रदर्शन स्थल पर लगाया गया कोड ऑफ कंडक्ट

Ranchi: राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. कई दिनों से चल रहे इस प्रदर्शन की सबसे बड़ी खासियत यह है, कि छात्र अब तक पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं. प्रदर्शन स्थल पर न तो किसी तरह की तोड़फोड़ हुई है और न ही किसी राजनीतिक दल के समर्थन में नारे लगाए जा रहे हैं. आंदोलन कर रहे छात्रों ने साफ कर दिया है कि उनका मंच केवल JPSC और JSSC से जुड़ी मांगों के लिए है. इसी वजह से किसी भी राजनीतिक दल या नेता को मंच साझा करने की अनुमति नहीं दी जा रही है. हालांकि, लगभग हर दिन अलग-अलग दलों के नेता प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर छात्रों से मुलाकात कर रहे हैं और समर्थन या सांत्वना देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन छात्रों ने सभी के लिए एक जैसा नियम लागू किया है.

मंच से नहीं दिया जाएगा किसी भी तरह का राजनीतिक, धार्मिक या जातिगत बयान

प्रदर्शन स्थल पर एक ‘कोड ऑफ कंडक्ट’ (आचार संहिता) भी लगाया गया है, जिसका सभी प्रदर्शनकारियों को पालन करने के लिए कहा गया है. इसमें साफ लिखा गया है कि मंच से किसी भी तरह का राजनीतिक, धार्मिक या जातिगत बयान नहीं दिया जाएगा. आंदोलन के मूल उद्देश्य पर ही बात होगी, किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की जाएगी और भाषण के दौरान अपशब्दों का प्रयोग भी नहीं होगा. छात्रों का कहना है कि उनकी लड़ाई किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष की नहीं, बल्कि पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था की है. इसलिए वे नहीं चाहते कि उनका आंदोलन किसी भी राजनीतिक दल द्वारा “हाइजैक” किया जाए या उसका राजनीतिक लाभ उठाया जाए.

प्रदर्शन में शामिल छात्र लगातार यही दोहरा रहे हैं, कि उनकी प्राथमिकता केवल JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में सुधार है. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें: रांची: हिंदपीढ़ी में अज्ञात लोगों ने आधा दर्जन से अधिक वाहनों में किया तोड़फोड़, जांच में जुटी पुलिस

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *