कोडरमा: बैंक खाते से 28 हजार रुपये गायब, महिला ने CSP पर जताया शक; जांच की मांग

Koderma: झुमरी तिलैया में एक महिला के बैंक खाते से उसकी जानकारी के बिना 28 हजार रुपये निकाले जाने का मामला सामने...

Koderma:  झुमरी तिलैया में एक महिला के बैंक खाते से उसकी जानकारी के बिना 28 हजार रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है. तिलैया थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ला, मंडुआटांड़ निवासी सरिता देवी ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को आवेदन दिया है. महिला ने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है.

पासबुक अपडेट कराने पर सामने आया मामला

सरिता देवी के अनुसार, वह रजगडिया रोड स्थित एक बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) के माध्यम से अक्सर अपने खाते में पैसे जमा करती थीं. खाते में जमा राशि और बैलेंस की जानकारी भी उन्हें CSP संचालक से मिलती थी. कुछ दिन पहले खाते की जानकारी लेने पर उन्हें पता चला कि बैलेंस में 28 हजार रुपये कम हैं. महिला का कहना है कि उन्होंने खुद इस रकम की निकासी नहीं की थी. इसके बाद उन्होंने बैंक शाखा पहुंचकर पासबुक अपडेट कराई.

तीन अलग-अलग तारीखों में निकली रकम

पासबुक में दर्ज लेनदेन के मुताबिक खाते से तीन बार पैसे निकाले गए. 25 अक्टूबर 2025 को 10 हजार रुपये, 4 नवंबर 2025 को 10 हजार रुपये और 24 जनवरी 2026 को 8 हजार रुपये की निकासी हुई. इस तरह कुल 28 हजार रुपये खाते से निकल गए.

बिना जानकारी अंगूठा लगवाने का आरोप

सरिता देवी ने आरोप लगाया कि उनकी जानकारी के बिना धोखे से अंगूठा लगवाकर खाते से उनकी मेहनत की कमाई निकाल ली गई. हालांकि, निकासी किस तरीके से और किसके द्वारा की गई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. महिला ने पुलिस से बैंक खाते के लेनदेन और संबंधित रिकॉर्ड की जांच कराने तथा दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही उन्होंने निकाली गई 28 हजार रुपये की राशि वापस दिलाने की भी गुहार लगाई है.
ALSO READ:रामगढ़: वार्ता के बाद फिर मुआवजे पर सियासत, 31 लाख के समझौते के बाद अंबा प्रसाद के 51 लाख के दावे से गरमाया विवाद

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *