लोहरदगा : अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, युवाओं ने दिखाये तरह-तरह के करतब

Lohardaga: रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा के महासप्तमी के पावन अवसर पर नवयुवक मोटिया संघ बरवाटोली ने भव्य अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता का...

Lohardaga: रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा के महासप्तमी के पावन अवसर पर नवयुवक मोटिया संघ बरवाटोली ने भव्य अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता का आयोजन किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, विशिष्ट अतिथि डॉ. गणेश प्रसाद, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, केंद्रीय महावीर मंडल के अध्यक्ष विपुल तमेड़ा, लोहरदगा सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, दीपक जायसवाल, विशाल डुंगडुंग, निश्चय वर्मा, रितेश कुमार, योगी सेना अध्यक्ष प्रवीण ठाकुर एवं कुमार अभिषेक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रामभक्तों, अखाड़ा समितियों और स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली. पूरा बरवाटोली क्षेत्र राममय माहौल में डूबा नजर आया. कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन अजय कुमार प्रजापति ने किया.

ये भी पढ़ें : कुसुंबा कांड पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का तीखा बयान, कहा- यह कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता

विजेताओं को किया गया सम्मानित

आयोजन स्थल पर पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र चालन, बाजा और अखाड़ों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. युवाओं ने अनुशासन और साहस के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए रामनवमी की परंपरा को जीवंत कर दिया. प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए सबसे पहले समय पर उपस्थित होकर अनुशासन का परिचय देने वाले महादेव टोली अखाड़ा को 5100 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में नवयुवक संघ सेरेंगहातू तोड़ार ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए 21000 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप अपने नाम किया. द्वितीय स्थान बाबा अंबेडकर नगर को 15000 रुपये का नगद पुरस्कार तथा तृतीय स्थान शिव मंदिर बरवाटोली को 7100 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप देकर सम्मानित किया गया.

रघुनंदन लेन नारी सेना ने हासिल किया प्रथम स्थान

जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता में रघुनंदन लेन नारी सेना ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 7100 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप हासिल किया, जबकि दुर्गा वाहिनी बाबा अंबेडकर नगर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 5100 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप प्राप्त किया. बाजा प्रतियोगिता में शास्त्री चौक को प्रथम स्थान मिलने पर एक नगाड़ा तथा बाबा अंबेडकर नगर को द्वितीय स्थान मिलने पर एक ढोलक देकर सम्मानित किया गया.

ये भी पढ़ें : गिरिडीह : सामाजिक समरसता की अनोखी मिसाल, तीन पीढ़ियों से महावीरी पताका बना रहे मो. इम्तियाज

प्रशासन के दिशा निर्देश का करें पालन : श्रद्धा केरकेट्टा

वहीं मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा ने अपने संबोधन में कहा कि रामनवमी जैसे पावन पर्व पर इस प्रकार के पारंपरिक आयोजन समाज में एकता, अनुशासन और भाईचारे का संदेश देता है. युवा शक्ति ही समाज की असली ताकत है और ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों से शांति, अनुशासन और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाने की अपील की तथा मोटिया संघ के प्रयासों की सराहना की.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *