लोहरदगा: लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर, किस्को मोड़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान मुकेश लोहरा (पिता – झुनकु लोहरा) के रूप में की गई है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सुबह टहलने निकले थे, अचानक हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश लोहरा रोज की तरह सुबह घर से चाय पीकर टहलने के लिए निकले थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया. हादसा इतना भीषण था कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए उन्हें उठाया और आनन-फानन में सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का कहना है कि मुकेश लोहरा परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे और उनकी अचानक मौत से घर की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ेगा. घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ALSO READ: हिरणपुर मण्डल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान संपन्न
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है.
