
गिरिडीह: वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गिरिडीह में बड़ी कार्रवाई की है. वन प्रमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के निर्देश पर, वन क्षेत्र पदाधिकारी, गिरिडीह वन प्रक्षेत्र के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया.
कार्रवाई के तहत बोराडीह सुरक्षित वन, थाना गिरिडीह (मुफस्सिल) क्षेत्र में वन सीमा के भीतर पूर्व से बनाए गए अवैध खेत को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. इसके साथ ही भूमि की सुरक्षा के लिए वहां खाई (ट्रेंच) भी खोदी गई, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो सके.
वहीं, ग्राम हिराडीह, थाना गिरिडीह (मुफस्सिल) में वन भूमि पर बनाए जा रहे अर्धनिर्मित मकान को ध्वस्त कर अवैध कब्जा हटाया गया. इस संयुक्त कार्रवाई में लगभग दो एकड़ वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया.
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
इस अभियान में प्रभारी वनपाल अमर विश्वकर्मा, प्रधान वनरक्षी संजय कांत यादव, वनरक्षी बिरेंद्र कुमार और सुरुचि कुमारी सहित वन विभाग की पूरी टीम सक्रिय रूप से मौजूद थी.
