सिमडेगा: जिले के केरसई थाना क्षेत्र के चौराटांड़ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया. केरसई थाना प्रभारी शशि शंकर सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 19 मवेशियों को बरामद किया.

दो पिकअप और एक स्विफ्ट कार जब्त
पुलिस ने मौके से दो पिकअप वाहनों को जब्त किया, जिनमें मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा था. इसके अलावा तस्करों द्वारा उपयोग की जा रही एक स्विफ्ट कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया.
Also Read: झारखंड के IPS अधिकारियों के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसर, गृह मंत्रालय ने मांगे आवेदन
तस्कर मौके से हुए फरार
पुलिस की कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार होने में सफल हो गए. थाना प्रभारी शशि शंकर सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
थाना प्रभारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि केरसई थाना क्षेत्र में अवैध धंधे, जुआ, शराब और मवेशी तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
पशुओं को सुरक्षित रखा गया, जांच जारी
पुलिस द्वारा बरामद सभी मवेशियों को सुरक्षित रखा गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. मौके पर एएसआई अवधेश कुमार सहित पुलिस दल मौजूद थे.

