चतरा: जिले में अफीम के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है. हजारों एकड़ में फैली प्रतिबंधित अफीम की खेती को नष्ट कर दिया गया है, जिससे तस्करों की आर्थिक कमर टूटती नजर आ रही है. इस सख्त कार्रवाई के बाद जिले में नशे के कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है.

2700 एकड़ में फसल नष्ट
पुलिस ने लावालौंग, कान्हाचट्टी, प्रतापपुर, कुंदा, सदर और सिमरिया थाना क्षेत्रों समेत कई इलाकों में एक साथ अभियान चलाया. इस दौरान करीब 2700 एकड़ में लगी अफीम की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया. यह कार्रवाई जिले में अब तक की सबसे बड़ी एंटी-नारकोटिक्स ड्राइव मानी जा रही है.
तस्करी नेटवर्क पर चोट
कार्रवाई के दौरान दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जो इस अवैध कारोबार के संगठित नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं. पुलिस का मानना है कि इस अभियान से नशे के पूरे चेन पर बड़ा असर पड़ा है.
22 पैडलर गिरफ्तार
अवैध अफीम की खेती और तस्करी में संलिप्त 22 पैडलरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही जा रही है.
Also Read: वर्ल्ड कप जीत के बाद धोनी की पोस्ट पर गंभीर का बयान बना चर्चा का विषय
संपत्ति जब्ती की तैयारी
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को चिन्हित कर जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. इससे तस्करों की आर्थिक जड़ पर और बड़ा प्रहार होने की संभावना है.
ग्रामीणों का मिला सहयोग
इस पूरे अभियान में स्थानीय ग्रामीणों का भी सहयोग मिल रहा है. पुलिस टीम गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही है और अफीम की खेती के नुकसान के बारे में समझा रही है.
वैकल्पिक खेती पर जोर
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने किसानों से अपील की है कि वे अफीम की खेती छोड़कर टमाटर और गोभी जैसी वैकल्पिक फसलों को अपनाएं. उन्होंने कहा कि इससे बेहतर आमदनी के साथ सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित होगा.
SP का सख्त संदेश
एसपी ने स्पष्ट कहा कि नशे का कारोबार कानूनन अपराध है और यह समाज व परिवार दोनों को बर्बाद करता है. उन्होंने चेतावनी दी कि इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
अभियान रहेगा जारी
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. चतरा को अफीम मुक्त बनाने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई जारी रखी जाएगी.

