Giridih: गिरिडीह में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी संभावित उग्रवादी साजिश को समय रहते विफल कर दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 अप्रैल 2026 की रात्रि में पुलिस अधीक्षक गिरिडीह डॉ. बिमल कुमार तथा CRPF 154 बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को गुप्त सूचना मिली थी कि पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र कानीडीह चतरो जोकाई नाला के पास उग्रवादियों द्वारा विस्फोटक सामग्री और हथियार छिपाकर रखे गए हैं.
यह भी बताया गया कि हाल ही में हजारीबाग जिले में हुई मुठभेड़ में चार उग्रवादियों के मारे जाने के बाद उनके सहयोगियों द्वारा किसी बड़ी विध्वंसक घटना को अंजाम देने की तैयारी की जा रही थी.

संयुक्त टीम बनाकर चलाया गया सर्च ऑपरेशन
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक एवं CRPF कमांडेंट के निर्देश पर एक संयुक्त टीम का गठन किया गया. इस टीम का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार, डिप्टी कमांडेंट अमित कुमार झा एवं खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह कर रहे थे. टीम में CRPF की QAT और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे. संयुक्त टीम ने पारसनाथ के पहाड़ी इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया.
जोकाई नाला के पास से बरामद हुई सामग्री
ऑपरेशन के दौरान जोकाई नाला के पास से 64 बंडल कोडेक्स वायर बरामद किए गए, जो किसी बड़ी साजिश में इस्तेमाल किए जा सकते थे.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है.
