पलामू में खनन माफियाओं का हमला, CO से मारपीट कर छुड़ा ले गए जब्त हाईवा

पलामू: हरिहरगंज थाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची प्रशासनिक टीम पर खनन माफियाओं ने न केवल हमला किया,...

पलामू: हरिहरगंज थाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची प्रशासनिक टीम पर खनन माफियाओं ने न केवल हमला किया, बल्कि अधिकारियों के साथ मारपीट करते हुए जब्त किए गए वाहनों को भी जबरन छुड़ा ले गए. जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:45 बजे एनएच-139 के कटैया मोड़ पर प्रशासन द्वारा अवैध परिवहन के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इस अभियान का नेतृत्व हरिहरगंज के सीओ मनीष कुमार सिन्हा कर रहे थे. उनके साथ सीआई नंदलाल कुमार और अंचल गार्ड भी मौजूद थे. जांच के दौरान टीम ने अवैध स्टोन चिप्स से लदे दो हाईवा को पकड़ा और आवश्यक दस्तावेज नहीं होने के कारण उन्हें जब्त कर लिया.

बीच रास्ते में घेरा, मारपीट और हाईवा छुड़ाए

अधिकारी जब जब्त किए गए दोनों हाईवा को पुलिस सुरक्षा में हरिहरगंज थाना ले जा रहे थे, तभी बेलौदर मोड़ के पास क्रशर माइंस से जुड़े दबंगों ने उनका रास्ता रोक लिया. बताया जा रहा है कि दर्जनों की संख्या में आए इन लोगों ने प्रशासनिक टीम के साथ पहले तीखी बहस की और फिर वाहनों को छोड़ने का दबाव बनाने लगे. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अंचलाधिकारी मनीष कुमार सिन्हा और सीआई नंदलाल कुमार के साथ हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू कर दी. बीच-बचाव करने आए अंचल कर्मियों के साथ भी बदसलूकी की गई. इस दौरान माफियाओं के दुस्साहस के आगे टीम बेबस नजर आई और आरोपी जबरन दोनों हाईवा लेकर वहां से फरार हो गए.

FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश में छापेमारी

इस हिंसक झड़प और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. हरिहरगंज थाना में चार नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *