रांची: नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. रांची नगर निगम क्षेत्र और बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र के मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को 22 फरवरी 2026 को रवाना किया जाएगा. पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम को डिस्पैच सेंटर बनाया गया है.

उपायुक्त ने किया निरीक्षण
आज देर रात जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री ने मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने मतदान सामग्री, बैलेट पेपर, रिकॉर्ड, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश और कर्मियों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया. उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों और समय-सारिणी का कड़ाई से पालन किया जाए.
पूरी व्यवस्था, कड़ी निगरानी
डिस्पैच सेंटर पर मतदान सामग्री की पैकिंग से लेकर पोलिंग पार्टियों की समयबद्ध रवानगी तक की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. प्रशासन का लक्ष्य है कि 23 फरवरी को मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो. 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. रांची नगर निगम के 53 वार्डों में कुल 909 मतदान केंद्र बनाए गए हैं.
वरीय अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन, उप विकास आयुक्त रांची सौरभ कुमार भुवनिया, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे.
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं, प्रत्याशियों और आम जनता से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें.
यह भी पढ़ें: नगर निकाय चुनाव 2026: वोट डालने से पहले जरूर जांच लें अपना नाम और बूथ

