रंजिश में हत्या, फिर जलाया शव: टिकरा जंगल केस में तीन आरोपी गिरफ्तार

सिमडेगा: जलडेगा थाना क्षेत्र के टिकरा जंगल में जले हुए शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस...

सिमडेगा: जलडेगा थाना क्षेत्र के टिकरा जंगल में जले हुए शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव ने बताया कि 11 मार्च 2026 को जलडेगा थाना को सूचना मिली थी कि टिकरा जंगल के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का जला हुआ शव पड़ा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.

प्रारंभिक जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके बाद वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई. जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान शिवा साहू के रूप में की.

अनुसंधान में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची थी. बताया गया कि आरोपी किशोर केरकेट्टा और संजय केरकेट्टा ने मिलकर 10 मार्च 2026 को शिवा साहू को टिकरा जंगल ले जाकर रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई.

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों—किशोर केरकेट्टा, संजय केरकेट्टा और बुधु लोहरा उर्फ अनिल इंदवार—को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है.

इस कार्रवाई में जलडेगा थाना पुलिस के साथ ओडगा और बांसजोर ओपी की टीम भी शामिल रही. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *