एसटीपी कार्य में लापरवाही से सड़क बनी हादसों का कारण, फिसलन में भाकपा नेता समेत कई लोग घायल

Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) कार्य के नाम पर बरती जा रही लापरवाही आम लोगों के...

Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) कार्य के नाम पर बरती जा रही लापरवाही आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है. कार्यरत कंपनी और संवेदक द्वारा कई स्थानों पर की गई बेतरतीब खुदाई तथा सड़कों पर मिट्टी का ढेर छोड़ दिए जाने के कारण स्थानीय कॉलोनीवासियों और राहगीरों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की भी घोर अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण शनिवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया.

फिसलन के कारण भाकपा नेता समेत कई लोग हुए घायल

स्टेशन जाने के क्रम में भाकपा नेता मोहम्मद शाहजहां और हाजी फना अख्तर अपनी स्कूटी सहित सड़क पर अनियंत्रित होकर गिर पड़े. इस दुर्घटना में उनकी स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और भाकपा नेता के कमर में गंभीर चोट आई. इसी स्थान पर एक अन्य बाइक सवार दो युवक और एक महिला भी फिसलकर गिर पड़े और चोटिल हो गए.

सड़क पर फैली कीचड़ बनी दुर्घटना की वजह

दरअसल, शनिवार शाम हुई तेज बारिश के कारण स्टेशन रोड पर एसटीपी कार्य के लिए खोदी गई मिट्टी बहकर मुख्य सड़क पर फैल गई, जिससे पूरी सड़क पर खतरनाक फिसलन और कीचड़ की स्थिति बन गई. रात के अंधेरे में संबंधित कंपनी या डीवीसी प्रबंधन द्वारा सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे. कार्यस्थल पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई रेडियम रिबन या संकेतक लगाया गया था, जिससे आने-जाने वाले वाहन चालकों को खुदाई वाले स्थान का अंदाजा नहीं मिल सका और वे दुर्घटना का शिकार हो गए.

ALSO READ: इंटरनेशनल नंबर, वर्चुअल आतंक: प्रिंस खान की रंगदारी वाली कॉल्स के आगे क्यों बेबस है पुलिस, जानिए इनसाइड स्टोरी

सुरक्षा इंतजाम की मांग, प्रबंधन ने दिया आश्वासन

घटना के बाद भाकपा नेता मोहम्मद शाहजहां ने डीवीसी सिविल विभाग के वरीय प्रबंधक सरफराज शेख को दूरभाष पर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने प्रबंधन से मांग की कि राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए कार्यस्थल पर तत्काल पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था की जाए, बैरिकेडिंग की जाए और रेडियम सेफ्टी रिबन अनिवार्य रूप से लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. वरीय प्रबंधक ने सुरक्षा के आवश्यक उपाय किए जाने का आश्वासन दिया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *