रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सरकार के प्रमुख के रूप में 8931 दिन पूरे करने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, कि यह दिन देश की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ता है.

आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गांव, गरीब, किसान, दलित, वंचित और पिछड़े समाज की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. इसी समर्पण और निरंतर कार्यशैली के बल पर उन्होंने पवन कुमार चामलिंग के लंबे समय तक शासन करने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है.
अपना जीवन देश सेवा को समर्पित कर दिया- आदित्य साहू
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 13 वर्षों तक गुजरात की सेवा की और पिछले लगभग 12 वर्षों से देश की 140 करोड़ जनता के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं. साहू ने कहा कि पीएम मोदी ऐसे “प्रधान सेवक” हैं, जिन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली और अपना जीवन देश सेवा को समर्पित कर दिया.
साहू ने धार्मिक संदर्भ देते हुए कहा कि जैसे भगवान हनुमान ने कहा था, “राम काज कीन्हे बिना मोहि कहां विश्राम”, उसी भावना के साथ प्रधानमंत्री मोदी बिना रुके और बिना थके विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, सशक्त भारत और स्वाभिमानी भारत के निर्माण में जुटे हुए हैं.
विकसित भारत का सपना जरूर साकार होगा
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों की सेवा को ही अपनी पूजा माना है और उनके नेतृत्व में अंत्योदय से सर्वोदय की यात्रा तेजी से आगे बढ़ रही है. अंत में आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में विकसित भारत का सपना जरूर साकार होगा.
यह भी पढ़ें: हिंदू सम्मेलन में धर्मांतरण और गौ-हत्या कानूनों पर उठे सवाल, स्वामी दिव्य ज्ञान का बड़ा बयान

