सरायकेला-खरसावां: जिले के खरसावां प्रखंड के कोतवालबाड़ी में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां अज्ञात बदमाशों ने एक नई स्कूटी को आग के हवाले कर दिया, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई. बताया जा रहा है कि स्कूटी महज कुछ दिन पहले ही खरीदी गई थी.
हाल ही में खरीदी गई थी स्कूटी
स्कूटी के मालिक जगमोहन पाड़ेया ने बताया कि उन्होंने मार्च महीने में सरायकेला स्थित श्री राम होंडा शोरूम से करीब 1.20 लाख रुपये में 125 सीसी डियो कंपनी की नई स्कूटी खरीदी थी. परिवार के लिए यह एक नई और जरूरी सुविधा थी.
देर रात की घटना
सोमवार देर रात स्कूटी घर के बाहर आंगन में खड़ी थी. रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात असामाजिक तत्वों ने स्कूटी में आग लगा दी. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई.
परिवार को नहीं लगी भनक
घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, जबकि जगमोहन पाड़ेया घर पर नहीं थे. इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया. परिवार को इसकी भनक तब लगी जब स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी.
इलाके में दहशत, जांच की मांग
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को देने की बात कही है. वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
