चतरा: नगर परिषद में नई टीम के गठन की प्रक्रिया पूरी हो गई. नवनिर्वाचित अध्यक्ष अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई और सभी 22 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. शपथ ग्रहण समारोह के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई.

उपाध्यक्ष पद के लिए हुआ मतदान
उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या 18 के पार्षद प्रेमचंद साव और वार्ड संख्या 11 की पार्षद वेदवती जायसवाल ने नामांकन दाखिल किया था. इसके बाद मतदान कराया गया, जिसमें कुल 22 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
मतगणना में प्रेमचंद साव को मिली जीत
मतगणना के दौरान प्रेमचंद साव को 13 वोट मिले, जबकि वेदवती जायसवाल को 9 वोट प्राप्त हुए. बहुमत मिलने के बाद प्रेमचंद साव को चतरा नगर परिषद का उपाध्यक्ष घोषित किया गया.
अध्यक्ष ने शहर के विकास का लिया संकल्प
शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई ने कहा कि जनता ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उनका लक्ष्य चतरा नगर को बेहतर और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है. इसके लिए शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि होल्डिंग टैक्स में कमी लाकर आम लोगों को राहत देने की दिशा में पहल की जाएगी. साथ ही शहर में टेंपो स्टैंड बनाया जाएगा और बस स्टैंड का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा.
पेयजल समस्या के समाधान को बताया प्राथमिकता
अध्यक्ष ने कहा कि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि शहर के हर घर तक नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके. उन्होंने सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्षदों और नागरिकों के सहयोग से पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ शहर का विकास किया जाएगा.
उपाध्यक्ष ने सभी पार्षदों के साथ मिलकर काम करने की कही बात
वहीं नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष प्रेमचंद साव ने कहा कि वे सभी पार्षदों का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने उन पर विश्वास जताया. उन्होंने कहा कि नगर परिषद के विकास और शहर की समस्याओं के समाधान के लिए सभी पार्षद मिलकर काम करेंगे.
लोगों की उम्मीदें बढ़ीं
उपाध्यक्ष पद के चुनाव के साथ ही चतरा नगर परिषद में नई टीम का गठन पूरा हो गया है. नई टीम के गठन के बाद अब शहर के विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर लोगों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं.

