Chakradharpur: उपायुक्त के दिशा-निर्देशानुसार आज टेबो स्थित विद्यालय में एक विशेष ‘तिथि भोजन’ सह ‘जन्म दिवस’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों के बीच सामाजिक जुड़ाव, सामूहिकता की भावना और बेहतर पोषण को बढ़ावा देना है. समारोह में प्रखंड के वरीय अधिकारियों ने शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी भीषम कुमार उपस्थित रहे.

बच्चों का जन्म दिवस विद्यालय में सामूहिक रूप से मनाना एक सकारात्मक पहल
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा, कि विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजन बच्चों के बीच आत्मीयता, अनुशासन और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं. बच्चों का जन्म दिवस विद्यालय में सामूहिक रूप से मनाना एक सकारात्मक पहल है, जिससे बच्चों में उत्साह बढ़ता है और वे विद्यालय से भावनात्मक रूप से जुड़ते हैं. इसके साथ ही, तिथि भोजन कार्यक्रम से बच्चों को पौष्टिक आहार के साथ-साथ सामूहिकता का संदेश भी मिलता है. आज के समय में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कार और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करना बेहद जरूरी है.
शिक्षा व्यवस्था के लिए एक मील का पत्थर- प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी
इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी काली प्रसाद गुप्ता ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इसे शिक्षा व्यवस्था के लिए एक मील का पत्थर बताया. बीपीओ ने अपने संबोधन में कहा, कि इस तरह के रचनात्मक आयोजनों से सरकारी विद्यालयों के प्रति बच्चों और अभिभावकों का जुड़ाव और अधिक गहरा होता है. ‘तिथि भोजन’ के माध्यम से समाज के लोग सीधे तौर पर स्कूली बच्चों के पोषण और खुशियों में सहभागी बन रहे हैं, जो कि बेहद सराहनीय है. इससे न केवल विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति में सुधार होगा, बल्कि उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर को भी बल मिलेगा. हमारा प्रयास रहेगा कि प्रखंड के अन्य सभी विद्यालयों में भी इस तरह के सहभागिता वाले कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाए.
शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह
इस विशेष आयोजन को लेकर विद्यालय के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया. ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा, कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और सामाजिक समरसता का माहौल और मजबूत होगा. कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच केक काटा गया और सभी को विशेष तिथि भोजन परोसा गया. इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक एवं बच्चे उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: चेक बाउंस मामले का वारंटी गिरफ्तार, बोकारो थर्मल पुलिस ने भेजा जेल
