पाकुड़: रमजान के पवित्र महीने के आखिरी जुम्मा यानी अलविदा जुम्मा के मौके पर शुक्रवार को जिले की विभिन्न मस्जिदों में नमाज़ अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली.

हिरणपुर क्षेत्र के हाथकाठी सुन्नी मस्जिद और बड़ी मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज़ अदा कर देश में अमन, भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआ मांगी. पूरे जिले में नमाज़ के दौरान शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा.
रमजान का महीना इस्लाम में बेहद पवित्र और रहमतों से भरा माना जाता है. मान्यता है कि इसी महीने में पाक किताब कुरान शरीफ नाज़िल हुई थी. इस दौरान रोजेदार पूरे महीने रोजा रखते हैं और इबादत में मशगूल रहते हैं.
चांद का दीदार होने के बाद अगले दिन ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाता है. इस साल शनिवार को ईद मनाए जाने की संभावना जताई जा रही है.
ईद के दिन नमाज़ अदा करने के बाद लोग एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद देते हैं और आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं. घर-घर जाकर मिलने-जुलने और मीठी सेवइयां खाने की परंपरा भी निभाई जाती है.

