पाकुड़: जिले के सदर प्रखंड की झीकरहाटी पूर्वी ग्राम पंचायत ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले और राज्य का मान बढ़ाया है. “महिला हितैषी पंचायत” श्रेणी में यह सम्मान भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा जारी राष्ट्रीय रैंकिंग में मिला है. पंचायत में महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया.
DC ने क्या कहा ?
महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, जागरूकता और निर्णय प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भूमिका ने इस पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है. उपायुक्त मनीष कुमार ने झीकरहाटी पूर्वी में आयोजित प्रेस वार्ता में इस सफलता को सामूहिक प्रयास, बेहतर समन्वय और मजबूत नेतृत्व का परिणाम बताया.उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में ‘प्राण’ प्रोजेक्ट के तहत पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने है.
उन्होंने जानकारी दी कि इस उपलब्धि पर पंचायत को 75 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. इस राशि का उपयोग आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत करने तथा पंचायत को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करने में किया जाएगा. उपायुक्त ने पंचायत के मुखिया, सचिव, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य सहित सभी जनप्रतिनिधियों और कर्मियों को बधाई दी और अन्य पंचायतों से भी इस मॉडल को अपनाने की अपील की.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद गणमान्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा, विशेष कार्यपालक पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा, बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू, सीओ अरविंद कुमार बेदिया सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.
