पलामू: जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मननदोहर गांव में शनिवार को एक खंडहरनुमा कुएं से दो सगी बहनों के शव बरामद किए गए हैं. इसी कुएं से एक अन्य बच्ची अचेत अवस्था में मिली है, जिसकी स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है. शनिवार की शाम गांव के समीप स्थित एक पुराने खंडहरनुमा कुएं से किसी बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज आई. शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य खौफनाक था. दो बच्चियां कुएं के पानी में बेजान पड़ी थीं, जबकि एक तीसरी बच्ची बचने के लिए संघर्ष कर रही थी. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो बच्चियों की मौत हो चुकी थी. जीवित बची बच्ची को तत्काल छतरपुर स्थित अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. मृत बच्ची में उदेश यादव की आठ वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी और छह वर्षीय पुत्री सोनम उर्फ बाबू है.इस घटना को लेकर गांव में तनाव और मातम का माहौल है. मृत बच्चियों के परिजनों ने पुलिस के सामने एक चौंकाने वाला दावा किया है. परिजनों के अनुसार घटना से कुछ देर पहले गांव में एक अज्ञात युवक मोबाइल से तस्वीरें ले रहा था. आरोप है कि उसी युवक ने तीनों बच्चियों को कुएं में धकेला और वहां से फरार हो गया.


