Palamu: जिले के लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शनिवार को परिवार नियोजन पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन, मुखिया रेखा देवी एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रखंड अध्यक्ष छोटे लाल सोनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
परिवार नियोजन स्वस्थ, समृद्ध और सशक्त समाज की आधारशिला है
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि परिवार नियोजन स्वस्थ, समृद्ध और सशक्त समाज की आधारशिला है. उन्होंने कहा कि छोटा परिवार अपनाने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होता है, साथ ही परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति भी मजबूत होती है. पखवाड़ा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी दी जाएगी.
10 अगस्त तक चलेगा अभियान
उन्होंने बताया कि यह अभियान 10 अगस्त तक चलेगा. इस दौरान महिला नसबंदी (फीमेल स्टरलाइजेशन) और पुरुष नसबंदी (एनएसवी) पर विशेष जोर दिया जाएगा. लेस्लीगंज प्रखंड के लिए महिला नसबंदी का लक्ष्य 100 तथा एनएसवी (नो-स्कैल्पेल नसबंदी) का लक्ष्य 10 निर्धारित किया गया है.
परिवार नियोजन साधनों के लिए है लक्ष्य तय
इसके अलावा विभिन्न परिवार नियोजन साधनों के लिए भी लक्ष्य तय किए गए हैं. इनमें पीपीआईयूसीडी (PPIUCD) 150, आईयूसीडी (IUCD) 150, अंतरा इंजेक्शन 250, छाया टैबलेट 800, ओसीपी (ओरल कॉन्ट्रासेप्टिव पिल्स) 2,900, ईसीपी (इमरजेंसी कॉन्ट्रासेप्टिव पिल्स) 500 तथा कंडोम वितरण 52,000 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इन सभी सेवाओं और साधनों की सुविधा योग्य लाभुकों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी.डॉ. राजीव रंजन ने सभी एएनएम, जीएनएम एवं सहिया बहनों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर योग्य दंपत्तियों की पहचान करें, उन्हें परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करें तथा अस्पताल में उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाना सुनिश्चित करें.कार्यक्रम का संचालन प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक निलेश कुमार पाण्डेय ने किया. इस अवसर पर प्रखंड लेखा प्रबंधक श्रवण कुमार, डॉ. अजय कुमार, बीटीटी अनिल गिरी, शैलेश मेहता, अनुग्रह सिंह, बिनय सिंह, विजय पाण्डेय, चंद्रशेखर तिवारी सहित सभी एएनएम, जीएनएम, सहिया बहनें एवं बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे.
ALSO READ: 6 महीने की छात्र लड़ाई रंग लाई, DSPMU ने कॉमर्स विभाग की बढ़ी हुई फीस वापस ली
