Palamu : जिले के हरिहरगंज टोल प्लाजा के समीप विगत दो दिनों से एक वृद्ध महिला असहाय अवस्था में पाई गई. महिला की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही DC के त्वरित निर्देश पर जिला प्रशासन और हरिहरगंज थाना की संयुक्त टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला को अपने सुरक्षित संरक्षण में ले लिया. प्रशासन द्वारा महिला से उनकी पहचान, उनके घर का पता और परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाने का हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन महिला किसी भी प्रकार की जानकारी देने में असमर्थ हैं. इस संबंध में आसपास के थानों और विभिन्न माध्यमों से भी संपर्क साधा गया, परंतु अभी तक उनकी कोई पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है.
वृद्ध महिला को सुरक्षित वन स्टॉप सेंटर में कराया गया शिफ्ट
महिला की सुरक्षा और उनके सम्मानजनक जीवन को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से डाल्टनगंज स्थित वन स्टॉप सेंटर में शिफ्ट किया है. वहां उनके रहने, भोजन और स्वास्थ्य संबंधी देखभाल की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन द्वारा निभाई जा रही है. जिला प्रशासन ने पलामू के जागरूक नागरिकों से मानवता के नाते सहयोग की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस महिला को पहचानता है या इनके परिवार और घर के बारे में कोई भी जानकारी रखता है, तो वे अविलंब हरिहरगंज थाना या जिला प्रशासन के कार्यालय से संपर्क करें. आपकी एक छोटी सी सूचना इस वृद्ध महिला को उनके परिजनों से मिलाने में मील का पत्थर साबित हो सकती है. आमजन से इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करने का आग्रह किया गया है ताकि इसे जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सके.
Also Read : पीवी सिंधू ने रचा इतिहास, जापान ओपन सुपर 750 की चैंपियन बनी
