पलामू पुलिस की कार्रवाई: 815 किलो अवैध अफीम डोडा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पिकअप व मोटरसाइकिल जब्त

Palamu: जिला अंतर्गत नौडिहा बाजार और छतरपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक...

Palamu: जिला अंतर्गत नौडिहा बाजार और छतरपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने सीमावर्ती वन क्षेत्र से सटे ग्राम जवाड के पास घेराबंदी कर भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा बरामद किया है.

गुप्त सूचना पर बनी रणनीति

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जवाड क्षेत्र से अफीम डोडा की बड़ी खेप बाहर भेजने की तैयारी है. इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छतरपुर एसडीपीओ अवध कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने संदिग्ध रास्तों पर चेकिंग अभियान चलाया.

घेराबंदी में पकड़े गए तस्कर

अभियान के दौरान जंगल की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई, जिनके पीछे एक पिकअप वैन आ रही थी. पुलिस को देखते ही पिकअप का चालक अंधेरे का लाभ उठाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया.

पिकअप से भारी मात्रा में डोडा बरामद

तलाशी लेने पर पिकअप वैन से 60 प्लास्टिक की बोरियों में भरा कुल 815 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा बरामद किया गया. पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के रजडेरवा निवासी विजय परहिया और नावा जयपुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ निवासी प्रमोद यादव के रूप में हुई है.

Also Read: सड़क सुरक्षा पर सख्ती, DC ने दिए कड़े निर्देश, ड्रिंक एंड ड्राइव पर होगी कार्रवाई

रेकी कर रहे थे आरोपी

पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पिकअप के आगे मोटरसाइकिल से रेकी कर रहे थे, ताकि डोडा की खेप को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.

वाहन और मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने इस मामले में 815 किलो डोडा के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वैन, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं.

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नौडिहा बाजार थाना में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

इस सफल छापेमारी दल में छतरपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक द्वारिका राम, नौडिहा बाजार थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी, सअनि दीपक कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अब इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क को खंगालने और फरार पिकअप चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *