Medininagar: पलामू पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में शहर थाना पुलिस ने मेदिनीनगर के अंबेडकर पार्क के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान जेल हाता, हरिनिवास निवासी राहुल कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंबेडकर पार्क के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान राहुल कुमार को गिरफ्तार कर उसकी तलाशी ली गई.
2.68 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कुल 2.68 ग्राम वजन की छह पुड़िया ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया. बरामद सामग्री को जब्त कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.
पहले भी दर्ज हैं NDPS के मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं. इस मामले में भी संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
ALSO READ: Ranchi: झारखंड कुश्ती संघ के नए बायलॉज को मंजूरी, राष्ट्रीय खेल अधिनियम 2025 के अनुरूप होंगे चुनाव
