पलामू: जिले के चैनपुर बाजार में बुधवार रात आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान चैनपुर निवासी चंदन कमलापुरी के रूप में हुई है.

तलवार से हमला, हालत गंभीर
घटना के संबंध में थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि आपसी विवाद के दौरान चंदन कमलापुरी पर धारदार हथियार से हमला किया गया. हमले में वह बुरी तरह जख्मी हो गया. लहूलुहान हालत में उसे तुरंत चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमआरएमसीएच रेफर कर दिया.
पूर्व जिप सदस्य गिरफ्तार
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूर्व जिला परिषद सदस्य शैलेंद्र उर्फ शैलू चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर लिया. गुरुवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
FIR दर्ज, जांच जारी
पुलिस के अनुसार घायल युवक के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है.
