Palamu: मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत रेडमा ओवरब्रिज के समीप मंगलवार की अलसुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. रेलवे लाइन पर हुए इस दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से युवक के दोनों पैर कट गए हैं, जबकि उसके पेट में भी गंभीर चोटें आई हैं.
अस्पताल में भर्ती

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) में भर्ती कराया गया है. अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक खून बह जाने और गहरी चोटों के कारण युवक की स्थिति लगातार चिंताजनक और गंभीर बनी हुई है. गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के जमुने गांव निवासी मुदेश्वर राम के पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई है.
Also Read: BREAKING : दूसरे समन के बाद पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव पहुंचे ED ऑफिस
पत्नी से हुआ था विवाद
घटना के संबंध में मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, बीती रात विकास कुमार का अपनी पत्नी के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था. कहासुनी और आपसी अनबन के बाद युवक घर से निकला था और सुबह करीब 4:40 बजे रेडमा ओवरब्रिज के पास वह इस भीषण हादसे का शिकार हो गया.
जांच जारी
हालांकि, यह घटना महज एक हादसा है या फिर पारिवारिक कलह के कारण उठाया गया कोई आत्मघाती कदम, इसके वास्तविक कारणों का अभी तक पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल युवक की स्थिति में सुधार होने और उसका बयान दर्ज होने के बाद ही घटना की सही वजह सामने आ पाएगी.


