पलामू: सांसद विष्णु दयाल राम ने लोकसभा में नियम 377 के तहत पलामू संसदीय क्षेत्र की बैंकिंग समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने मेदिनीनगर के रेडमा स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) शाखा को दोबारा शुरू करने की जरूरत पर जोर दिया.

उन्होंने कहा कि इस व्यावसायिक क्षेत्र में बैंक बंद होने से हजारों पेंशनभोगियों और व्यापारियों को मेदिनीनगर मुख्य शाखा में लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
Also Read: पलामू में रामनवमी की धूम, किरण मेहता ने कलश यात्रा का किया शुभारंभ
गढ़वा के सुदूर इलाकों में नई शाखाओं की मांग
सांसद ने गढ़वा जिले के बरगढ़ और बिशुनपुरा जैसे सुदूरवर्ती प्रखंड मुख्यालयों में भी एसबीआई की नई शाखाएं खोलने की मांग की. उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण और आदिवासी समुदाय को किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा.
वित्त मंत्रालय से त्वरित कार्रवाई की अपील
सांसद विष्णु दयाल राम ने वित्त मंत्रालय से आग्रह किया कि आकांक्षी जिलों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इन प्रस्तावों पर शीघ्र संज्ञान लिया जाए. उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र की जनता को भटकना पड़ रहा है, जिसे दूर करना बेहद जरूरी है.

