Ranchi: राजधानी के गुदड़ी चौक इलाके में केमिकल और पानी मिलाकर धड़ल्ले से नकली दूध तैयार किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर इस मिलावटखोरी का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह हरकत में आ गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के सिविल सर्जन डॉ. अमरेश प्रसाद ने जांच के आदेश जारी कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.

जांच के लिए विशेष टीम गठित
सिविल सर्जन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और विशेषज्ञों की एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है. यह टीम शुक्रवार को गुदड़ी चौक स्थित संबंधित प्रतिष्ठान की जांच करेगी. जांच के दौरान दूध के सैंपल एकत्र किए जाएंगे और मौके पर मौजूद रसायनों की पड़ताल की जाएगी.


राजधानी के कई इलाकों में आपूर्ति की आशंका, लोगों में दहशत
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, संबंधित प्रतिष्ठान में हानिकारक केमिकल्स, पानी और अन्य संदिग्ध पदार्थों का इस्तेमाल कर कृत्रिम दूध तैयार किया जा रहा था. आशंका जताई जा रही है कि इस नकली और जहरीले दूध की आपूर्ति रांची के कई रिहायशी इलाकों और स्थानीय दुकानों में की जा रही थी. दूध में खतरनाक रसायनों की मिलावट का मामला उजागर होने के बाद से स्थानीय निवासियों और आम लोगों के बीच सेहत को लेकर चिंता और आक्रोश बढ़ गया है.

