सरायकेला: बारिश के वजह से होमगार्ड बहाली को रोका गया है. अब आठ अप्रैल को दौड़ की प्रकिया होगी. सरायकेला जिले में शनिवार को होने वाली होमगार्ड बहाली प्रक्रिया पर मौसम की मार पड़ी है. पिछले चौबीस घंटों से हो रही रुक-रुक कर बारिश और शनिवार तड़के हुई भारी वर्षा के कारण बहाली स्थल का मैदान जलमग्न हो गया, जिसके चलते शारीरिक दक्षता परीक्षा को तत्काल प्रभाव से स्थगित करना पड़ा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 28 मार्च को सरायकेला स्थित बिरसा स्टेडियम में चांडिल प्रखंड के अभ्यर्थियों के लिए दौड़ का आयोजन होना था. सुबह से ही बड़ी संख्या में युवा अपनी किस्मत आजमाने स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन देर रात की बारिश की वजह से ट्रैक पूरी तरह गीला और फिसलन भरा हो गया था. अभ्यर्थियों की सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने दौड़ को रद्द करने का निर्णय लिया.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आठ अप्रैल को होने वाली बहाली प्रक्रिया में अभ्यर्थी अपने पुराने एडमिट कार्ड और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर बिरसा स्टेडियम पहुंचे और चयन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शिता और पूर्व निर्धारित नियमों के तहत ही संपन्न कराई जाएगी.

