हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में रामनवमी का महापर्व इस वर्ष खुशियों के बजाय गम की दास्तां लेकर आया. शनिवार रात से शुरू हुआ जुलूस रविवार देर रात तक चला, लेकिन इस दौरान हुई हिंसक झड़पों और शस्त्र प्रदर्शन के हादसों ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 658 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं.
हिंसा और हादसों ने ली पांच जान
– रामनवमी जुलूस के दौरान 27 मार्च देर रात दो अलग-अलग जगहों पर हिंसक घटनाएं सामने आईं थी इन घटनाओं ने पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बना दिया था. एक ओर गदोखर गांव में मुखिया के भाई राम कुमार साव उर्फ रामा साव भुजाली से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी. तो वहीं दूसरी ओर दिपुगढ़ा में एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था.
– मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिलवार का रहने वाला प्रिंस कुमार की मौत हो गई. जुलूस में भुजाली से उसके सिर पर गंभीर चोट लगा था. जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसकी 29 मार्च को मौत हो गई.
– हजारीबाग निवासी योगेश जायसवाल जुलूस के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे.उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
– पेलावल का रहने वाला बबन राम जुलूस के दौरान चोटिल हो गए. इलाज के दौरान इनकी मौत हो गई.
– बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के सरदार चौक का रहने वाला अभिषेक वर्मा जुलूस में घायल हो गया था. जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी.
शव रखकर सड़क किया गया जाम, प्रशासन के विरोध में लगा नारा
अभिषेक वर्मा के मौत के बाद उनके परिजनों के द्वारा बड़ा बाजार के सरदार चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया गया है. परिजनों के द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है और प्रशासन के विरोध में नारा भी लगाया गया.
