रामगढ़: जिला पुलिस ने गोला थाना क्षेत्र में ज्वेलरी व्यवसायी के साथ हुई लूट की घटना का सफल उद्भेदन कर लिया है. यह लूट हथियार के बल पर की गई थी. SP अजय कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना मो. सद्दाम उर्फ मास और उसके तीन अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से लूट के जेवरात, हथियार और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए गए हैं.

क्या था मामला
बुधवार को एसपी अजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि बीते चार फरवरी को रजरप्पा निवासी और बिहारी ज्वेलर्स के मालिक बिहारी प्रसाद स्वर्णकार अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान भेड़ा पुल के पास बुलेट सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोककर हथियार का भय दिखाया और उनसे करीब 70 हजार रुपये नगद, सोने के आभूषण, मोबाइल और मोटरसाइकिल की चाबी लूट ली थी. इस मामले को लेकर गोला थाना में कांड संख्या 18/26 दर्ज किया गया था.
SP ने किया था SIT का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्री अजय कुमार के निर्देश पर DSP चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सबसे पहले दीपक कुमार को रांची से गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई रॉयल एनफील्ड मिटिओर 350 बुलेट, एक पल्सर मोटरसाइकिल और हथियार बरामद किए. दीपक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चरही में छापेमारी कर गिरोह के सरगना मो० सद्दाम उर्फ छोटू उर्फ मास समेत ऐनुल अंसारी और मोईन अंसारी को गिरफ्तार किया. इनके पास से भारी मात्रा में लूटे गए सोने के जेवरात और एक ऑल्टो कार बरामद हुई.

