रांची : ANM परीक्षा को लेकर रांची में 18–19 मार्च को लागू रहेगी निषेधाज्ञा, परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू

Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) कम्प्यूटर आधारित झारखण्ड एएनएम प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का आयोजन करने जा रहा है. प्रतियोगिता परीक्षा को शांतिपूर्ण...

Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) कम्प्यूटर आधारित झारखण्ड एएनएम प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का आयोजन करने जा रहा है. प्रतियोगिता परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने कड़ी व्यवस्था की है. प्रशासन ने 18 से 19 मार्च 2026 तक शहर के 12 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश दिया है. यह परीक्षा रांची के विभिन्न केंद्रों पर तीन पालियों में आयोजित होगी. परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या भीड़भाड़ की स्थिति से बचने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

प्रशासन ने उठाये एहतियात कदम

प्रशासन को आशंका है कि परीक्षार्थियों के साथ आने वाले लोग परीक्षा केंद्रों के बाहर भीड़ लगा सकते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. इसी को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की है. निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक रहेगी. सरकारी कार्य में लगे अधिकारी/कर्मी और शवयात्रा को इससे मुक्त रखा गया है.

निषेधाज्ञा के दौरान इन पर रोक

लाउडस्पीकर या किसी भी ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग नहीं किया जा सकेगा
– बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम या बारूद जैसे हथियार लेकर चलना प्रतिबंधित रहेगा
– लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला, गड़ासा जैसे पारंपरिक हथियार भी लेकर चलने पर रोक रहेगी
– किसी भी तरह की बैठक, धरना या आमसभा आयोजित नहीं की जा सकेगी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निषेधाज्ञा 18 और 19 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी. आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *