रांची : मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की-इरफान अंसारी पर आदित्य साहू ने नौटंकी का लगाया आरोप, कहा- ‘असली मुद्दों से ध्यान भटका रही हेमंत सरकार’

Ranchi: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने राज्य सरकार के दो मंत्रियों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने स्वास्थ्य...

Ranchi: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने राज्य सरकार के दो मंत्रियों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है. आदित्य साहू ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अब “नौटंकी मंत्री” बन गए हैं. उन्हें विभाग की समस्याओं से ज्यादा दिखावे की चिंता है. उन्होंने कहा कि अगर रिक्शा चलाकर प्रदर्शन करना ही था, तो उस दिन करते जब एक पिता को अपने बेटे की लाश झोले में भरकर ले जाना पड़ा था.

स्वास्थ्य मंत्रालय पर ध्यान दें इरफान अंसारी : आदित्य साहू

उन्होंने आरोप लगाया कि थैलीसीमिया से पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाने जैसी गंभीर घटना हुई, लेकिन उस पर मंत्री ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. कई जगह गरीबों को एम्बुलेंस तक नहीं मिलती और गर्भवती महिलाओं को खटिया पर लादकर अस्पताल लाना पड़ता है. ऐसे समय में अगर गरीबों की मदद की जाती तो लोगों को राहत मिलती.

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को भी निशाने पर लिया

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की पर भी निशाना साधते हुए कहा कि किसानों के हित की चिंता सरकार को नहीं है. उन्होंने कहा कि चार महीने बीत जाने के बाद भी किसानों से पूरा धान नहीं खरीदा जा सका है. सरकार के आंकड़ों के अनुसार अभी तक करीब 50 प्रतिशत धान की ही खरीद हुई है और जिन किसानों से धान खरीदा गया है, उन्हें भी समय पर भुगतान नहीं मिला है.

अपने किये वादे को भूल गई हेमंत सरकार : आदित्य साहू

आदित्य साहू ने कहा कि चुनाव के समय 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदने और 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार अब इन वादों को भूल गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गैस की किल्लत को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जिससे लोगों में डर का माहौल बन रहा है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *